लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांधी एवं शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान, गांधी दर्शन पर विचार-विमर्श तथा श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन और सेवा का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से गांधी जी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रो. राजीव यादव ने गांधी जी के अनेक अनछुए प्रसंगों को याद किया तथा भावपूर्ण कविता का पाठ किया। प्रो. शरद कुमार वैश्य ने महात्मा गांधी के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। डॉ. विशाल प्रताप सिंह ने गांधी दर्शन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा, प्रेम एवं मानवता को गांधी विचारधारा का मूल आधार बताया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें शिक्षकों एवं छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के माध्यम से स्वच्छ परिसर के साथ-साथ स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रामधुन एवं ‘सर्व धर्म’ पाठ का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. उमा सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक कर्मचारी एनसीसी, एनएसएस की कैडेट्स एवं स्वयं सेवी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal