Thursday , October 1 2026

महर्षि वाल्मीकि पार्क में स्वच्छता अभियान, डिप्टी सीएम ने किया श्रमदान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को महर्षि वाल्मीकि पार्क में ‘स्वच्छता महा-अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सहभागिता की और स्वयं साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल हमारे आसपास के वातावरण को साफ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज, स्वच्छ प्रदेश और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का संकल्प भी है।

श्री पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए शुरू किए गए ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाना हम सभी का दायित्व है। स्वच्छता अभियान तभी व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेगा, तभी स्वच्छ भारत के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि “आइए, स्वच्छता को आदत और जनभागीदारी को अपनी शक्ति बनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”

इस अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर के उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, महानगर मंत्री आनंद पांडेय, कमल वाल्मीकि, वीर वाल्मीकि, शानू वाल्मीकि, ब्रजेश चौधरी सहित महर्षि वाल्मीकि समाज एवं भाजपा के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।