लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कैब चालकों के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने लक्ष्मण चौराहा के पास स्थित अपने कैब स्टेजिंग एरिया में आरओ पेयजल सुविधा शुरू की है।

इस सुविधा का उद्घाटन चीफ एयरपोर्ट सिक्योरिटी ऑफिसर विकास पांडेय ने चीफ एयरपोर्ट ऑफिसर दर्शन सिंह की उपस्थिति में किया। कैब स्टेजिंग एरिया में लगभग 230 कैब की क्षमता है और यहां प्रतिदिन करीब 1,600 कैब का टर्नअराउंड होता है। यह सुविधा प्रीपेड कैब, ओला, उबर और डब्लू.टी.आई सहित विभिन्न कैब सेवाओं को संचालित करने वाले चालकों के लिए उपयोगी है।

नवनिर्मित आरओ सुविधा के माध्यम से कैब चालकों और अन्य संबंधित कर्मियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल कैब पार्टनर्स के लिए बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लखनऊ एयरपोर्ट के प्रयासों का हिस्सा है।
कैब स्टेजिंग एरिया एक सुरक्षित एवं निगरानी युक्त परिसर है, जहां सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के माध्यम से चालकों एवं वाहनों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जाता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal