Tuesday , September 29 2026

UPITS-2026 में छाया इन्वेस्ट यूपी पवेलियन, मिला सर्वश्रेष्ठ पवेलियन पुरस्कार

ग्रेटर नोएडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में इन्वेस्ट यूपी पवेलियन ने अपनी अनूठी पहचान बनाते हुए ‘सर्वश्रेष्ठ पवेलियन’ का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान पवेलियन के अभिनव डिजाइन और राज्य के निवेश इकोसिस्टम, नीतियों व व्यापारिक अवसरों की प्रभावी प्रस्तुति के लिए दिया गया है। यूपीआईटीएस 2026 के भव्य समापन समारोह के अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने इन्वेस्ट यूपी की टीम को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, प्रमुख सचिव (एमएसएमई) शशि भूषण लाल सुशील और सचिव (एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन) प्रांजल यादव भी उपस्थित रहे।

पांच दिवसीय इस व्यापार मेले के दौरान इन्वेस्ट यूपी पवेलियन निवेशकों, उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों और युवाओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इन्वेस्ट यूपी द्वारा पवेलियन में कई महत्वपूर्ण बी2बी बैठकें और सेक्टोरल सत्र आयोजित किए गए। जिन्होंने देश-विदेश के हितधारकों को उत्तर प्रदेश में मौजूद अपार निवेश संभावनाओं से सीधे जोड़ने का काम किया।

इस प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के उभरते और मजबूत सेक्टर्स जैसे मैन्युफैक्चरिंग, आईटी और आईटीईएस, जीसीसी, रिन्यूएबल एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्सटाइल और डिफेंस का शानदार प्रदर्शन किया गया।पवेलियन में आने वाले आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ ढांचे, निवेशक-अनुकूल नीतियों, सेक्टोरल इंसेंटिव्स, बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक भूमि की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। 

यह सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘उद्यम प्रदेश’ के विज़न को साकार करने और उत्तर प्रदेश को वैश्विक बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में इन्वेस्ट यूपी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। पवेलियन के इंटरएक्टिव फॉर्मेट ने वैश्विक और घरेलू निवेशकों के सामने राज्य की औद्योगिक ताकत को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। निवेशकों, निर्यातकों, वैश्विक प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं की भारी भागीदारी के साथ यूपीआईटीएस 2026 का सफल समापन हुआ, जिसने उत्तर प्रदेश के वैश्विक व्यापारिक संबंधों और रोजगार-परक विकास की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।