Tuesday , September 29 2026

एसपीजी एकेडमी में गूंजा योग का संदेश, नियमित अभ्यास पर जोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वस्थ भारत अभियान के तहत लखनऊ जनविकास महासभा की ओर से पिछले 12 वर्षों से संचालित योग अभियान को विस्तार देते हुए अटल चौराहा, जानकीपुरम विस्तार स्थित एसपीजी एकेडमी में नियमित योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का संचालन योग प्रकोष्ठ के संरक्षक एवं लखनऊ जनविकास महासभा के उपाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी तथा योग गुरु एवं योग सह-संयोजक विजय कांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया जा रहा है।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर महासभा के संयोजक पंकज तिवारी, मंत्री अजय यादव, कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता, डीसी गुप्ता, नरेंद्र तिवारी सहित क्षेत्र के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। इस दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

महासभा के संयोजक पंकज तिवारी ने कहा कि स्वस्थ भारत अभियान के तहत राष्ट्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक व्यक्ति का स्वस्थ रहना महत्वपूर्ण है। इसमें योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में भी सभी को अपने लिए कुछ समय निकालकर नियमित रूप से योग करना चाहिए। इससे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

शिविर में क्षेत्रवासियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।