लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीएसआईआर–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान द्वारा 85वें सीएसआईआर स्थापना दिवस के अवसर पर ‘ओपन डे’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार की दुनिया को करीब से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया गया। 26 सितंबर 1942 को स्थापित वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) देश के प्रमुख वैज्ञानिक अनुसंधान संगठनों में से एक है। जिसके अंतर्गत देशभर में 37 राष्ट्रीय प्रयोगशालाएँ एवं संस्थान कार्यरत हैं।

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सीएसआईआर-सीडीआरआई ने युवा विद्यार्थियों के लिए अपनी अनुसंधान सुविधाओं के द्वार खोले। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना था। ‘ओपन डे’ में लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, कानपुर और उन्नाव के 32 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 1,200 विद्यार्थियों तथा 50 से अधिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में विज्ञान मॉडल, क्विज एवं हिंदी तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं, वैज्ञानिक प्रदर्शनियों, प्रयोगशाला भ्रमण, वैज्ञानिकों के साथ संवाद तथा व्यावहारिक प्रयोगों सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष से बाहर वैज्ञानिक अनुसंधान को समझने तथा समाज के लिए विज्ञान की प्रासंगिकता को जानने का अवसर मिला।
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में कैप्टन मनोज कुमार पांडेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, सरोजिनी नगर के अनुभव कुमार एवं आयुष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एएमसी की स्रेहा कुमारी एवं चांदनी ने द्वितीय और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड-5 के आर्यवीर सिंह एवं सुजल सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर, वेदम वर्ल्ड स्कूल तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, बिजनौर की टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

क्विज प्रतियोगिता में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना की रिया यादव एवं वत्सल शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, बिजनौर की अक्षरा कुमारी ओझा एवं आरोही कुमारी ने द्वितीय और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड-5 के हर्ष राणा एवं यशस्विन सिंह यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हिंदी तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बंसल कैंपस की मांडवी नारायण एवं श्री सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एएमसी की स्वस्तिका एवं देवांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर, लखनऊ के अंशुमान सिंह एवं लक्ष्य तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मॉडर्न एकेडमी तथा एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना की टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

वैज्ञानिक प्रदर्शनियों एवं प्रयोगशाला भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने औषधि अनुसंधान, स्वास्थ्य एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में सीएसआईआर-सीडीआरआई के योगदान को करीब से समझा। वैज्ञानिकों के साथ संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने चल रहे अनुसंधान कार्यों, वैज्ञानिक करियर तथा वैज्ञानिक जिज्ञासा से लेकर उसके सामाजिक अनुप्रयोग तक की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। व्यावहारिक प्रयोगों ने विद्यार्थियों को अवलोकन एवं प्रयोग के माध्यम से विज्ञान को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘ओपन डे’ ने युवा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को बढ़ावा देने तथा वैज्ञानिक संस्थानों और विद्यार्थी समुदाय के बीच सहभागिता को सुदृढ़ करने के प्रति सीएसआईआर-सीडीआरआई की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal