लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित भगवद्गीता कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, गोमती नगर शाखा के विद्यार्थियों की प्रस्तुति से हुआ। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर विद्यालय के बच्चों ने भगवद्गीता के प्रसिद्ध श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को विद्यालय परिवार ने गौरव का क्षण बताया।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं अनन्या अवस्थी, अंजलि, ध्रुवी, कनिष्का, महक, वैष्णवी, अंशिका सिंह, ग्रेसी, आराध्या अवस्थी, आराध्या शुक्ला, ज़ारा, खुशी सोनी, काव्या श्रीवास्तव और अदिति यादव ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से भगवद्गीता के कर्म और कर्तव्य के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने कहा कि बड़े मंच पर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना पूरे अग्रसेन परिवार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के सचिव राजीव अग्रवाल, प्रधानाचार्या शिल्पी बाजपेयी और उप-प्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव ने भी सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को भी मंच प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय की संस्कारयुक्त शिक्षा का प्रमाण बताया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal