लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपनों को साकार करने की दिशा में वेल्स्पर फाउंडेशन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सोशल एम्पावरमेंट एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट सोसाइटी (SEEDS), नई दिल्ली के माध्यम से संचालित वेल्स्पर फाउंडेशन छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों के मेधावी विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए शैक्षणिक एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश के सहयोग से संचालित किया जा रहा है । कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारंभिक रूप से 50 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के 6 जिलों लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज एवं मेरठ में राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों के माध्यम से अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया। प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच के बाद विद्यार्थियों से ऑनलाइन पंजीकरण एवं काउंसलिंग कराई गई। आगे विभिन्न चरणों में काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन, अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद, शैक्षणिक मूल्यांकन तथा अन्य चयन प्रक्रियाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की पात्रता एवं रुचि का आकलन किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया के बाद 38 मेधावी विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया परन्तु वाराणसी जिले से कोई विद्यार्थी शामिल नहीं हो सका। जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आकाश इंस्टीट्यूट एवं फिजिक्स वाला (PW Vidyapeeth) जैसे प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

छात्रवृत्ति के लिए चयनित सभी 38 विद्यार्थियों को उनके माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ लखनऊ आमंत्रित किया गया। जिसमें जीजीआईसी विकास नगर की प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा के साथ अन्य विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ सीधे संवाद किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक यात्रा, अनुभवों, भविष्य के लक्ष्यों तथा डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अपने सपनों के बारे में जानकारी साझा की। अभिभावकों ने भी छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को मिल रही सहायता के लिए वेल्स्पर फाउंडेशन और SEEDS के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वेल्स्पर फाउंडेशन के संस्थापक तथा मैनकाइंड फार्मा के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक शीतल अरोड़ा का विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ संवाद रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की तथा उन्हें निरंतर मेहनत और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु 38 छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गये। SEEDS टीम द्वारा विद्यार्थियों के चयन से लेकर उनकी काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन, विद्यालयों एवं शिक्षा विभाग के साथ समन्वय, अभिभावकों से संवाद तथा चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग संस्थानों से जोड़ने तक विभिन्न स्तरों पर कार्य किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालयों, शिक्षा विभाग, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को कोचिंग, शैक्षणिक सहायता एवं डिजिटल संसाधनों का सहयोग दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी को अपने करियर के लक्ष्य से समझौता न करना पड़े।
वेल्स्पर फाउंडेशन का प्रयास है कि मेहनत और प्रतिभा रखने वाले विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले और वे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर तथा अन्य पेशेवर क्षेत्रों में अपने सपनों को साकार कर सकें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal