Friday , September 25 2026

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में हुई लाभार्थी महिला की गोदभराई, कार्यकत्रियां सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को चिनहट ब्लॉक के पल्टन छावनी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में चिनहट ब्लॉक की मुख्य सेविका प्रीति द्विवेदी सहित 19 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियां और सहायिकाएं शामिल हुईं। इस दौरान गर्भवती लाभार्थी महिला की विधि-विधान से गोदभराई की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने महिला को शुभकामनाएं देते हुए उसके स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व की कामना की।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा माताओं तक विभिन्न सरकारी योजनाओं और पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए सेवा गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद मान सिंह यादव, भाजपा नेत्री प्रीता पांडेय सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।