Saturday , September 26 2026

मीना दिवस पर गूंजा समानता का संदेश, बच्चों ने पोस्टरों में दिखाई अपनी सोच

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन के सहयोग से रसूलपुर कायस्थ स्थित राजकीय विद्यालय में मीना दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और समुदाय के बीच बालिका शिक्षा, समान अवसर, आत्मविश्वास और लैंगिक समानता को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों, युवाओं, शिक्षकों एवं समुदाय के करीब 70 से 80 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में विज्ञान फाउंडेशन की पीयर लीडर फेलो सिफा ने युवाओं के साथ मिलकर बच्चों की शिक्षा और विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कराया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, बुक बैलेंसिंग गेम सहित कई रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। 

पोस्टर प्रतियोगिता में बच्चों ने शिक्षा, बालिका शिक्षा, समानता और जागरूकता जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से आकर्षक पोस्टर बनाए। वहीं बुक बैलेंसिंग गेम के माध्यम से बच्चों और युवाओं में एकाग्रता, संतुलन एवं टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

विद्यालय की शिक्षिका नलिनी पाठक ने मीना मंच के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मीना मंच बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को अपनी बात रखने, अपने अधिकारों एवं अवसरों को समझने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समानता और सामाजिक मुद्दों को समझने में भी मदद करते हैं। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग किया और बच्चों को मीना दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उनके निरंतर सहयोग एवं बच्चों के साथ किए जा रहे कार्यों के लिए विद्यालय की दो शिक्षिकाओं को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने कहा कि आज के कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें शिक्षा, समानता और बालिकाओं के अधिकारों से जुड़ी कई ज्ञानवर्धक जानकारियां प्राप्त हुईं। बच्चों ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता और खेल जैसी गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सीखने के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिला।