Wednesday , September 23 2026

लखनऊ मेट्रो यात्रियों को अब भारत टैक्सी की सुविधा, UPMRC ने किया एमओयू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मेट्रो यात्रियों को अब घर या ऑफिस से मेट्रो स्टेशन और मेट्रो स्टेशन से गंतव्य तक बेहतर फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी का विकल्प मिलेगा। यात्रियों की इस सुविधा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा “भारत टैक्सी” के नाम से मोबिलिटी प्लेटफॉर्म संचालित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य लखनऊ मेट्रो यात्रियों को मेट्रो यात्रा के साथ सुविधाजनक फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

लखनऊ मेट्रो शहर में सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। मेट्रो नेटवर्क यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराता है। मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने और स्टेशन से अपने अंतिम गंतव्य तक जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होना पूरी यात्रा को और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यूपीएमआरसी द्वारा भारत टैक्सी के साथ यह पहल की गई है।

भारत टैक्सी के माध्यम से यात्रियों को मिलेंगे ये लाभ

  • अधिक मांग के समय किराए में अतिरिक्त बढ़ोतरी यानी सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी।
  • घर/ऑफिस से मेट्रो स्टेशन और मेट्रो स्टेशन से घर/ऑफिस तक टैक्सी बुक करने की सुविधा।
  • फर्स्ट माइल एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए सुविधाजनक विकल्प।
  • ऐप आधारित टैक्सी बुकिंग के माध्यम से बेहतर यात्रा सुविधा।

भारत टैक्सी के साथ यह सहयोग यात्रियों की पूरी यात्रा को मेट्रो से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यात्री अपनी यात्रा के प्रारंभिक अथवा अंतिम चरण के लिए भारत टैक्सी की सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। इससे मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच को आसान बनाने तथा मेट्रो से आगे के गंतव्य तक सुविधाजनक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

यह पहल एकीकृत शहरी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। मेट्रो और टैक्सी सेवा के बीच बेहतर समन्वय से यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के साथ अपने पूरे सफर को अधिक सुविधाजनक तरीके से पूरा करने का विकल्प मिलेगा। साथ ही, निजी वाहनों पर निर्भरता को कम करने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने में भी यह पहल सहायक हो सकती है।

भारत टैक्सी के साथ यह सहयोग लखनऊ में सुविधाजनक, विश्वसनीय और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में यूपीएमआरसी के प्रयासों को और मजबूत करेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों के लिए केवल मेट्रो यात्रा ही नहीं, बल्कि उनके पूरे सफर को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “लखनऊ मेट्रो यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए पहले से रैपिडो, उबर, माई दीदी, अंजनेय जैसी विशेष पहल संचालित कर रहा है। अब भारत टैक्सी सेवा के माध्यम से यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने और आगे अपने गंतव्य तक जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।”