लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने लखनऊ अंचल में बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित विभिन्न प्रभावी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) का शुभारंभ किया।
पहल की प्रमुख विशेषताएं
शुद्ध पेयजल की सुविधा: बैंक ने गैर-सरकारी संगठन “सृजन एक सोच” के सहयोग तथा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के समन्वय से लखनऊ के 30 राजकीय बालिका विद्यालयों में आरओ वाटर प्यूरीफायर एवं वाटर कूलर स्थापित किए। इस पहल से छात्राओं को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी तथा विद्यालयों में स्वस्थ एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
शैक्षणिक सहयोग: बैंक द्वारा वारसिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, गोमती नगर की छात्राओं को आवश्यक सामग्री से युक्त 100 स्कूल किट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के परिवारों पर शैक्षणिक खर्च का बोझ कम करना तथा उनकी नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप पहल: ये प्रयास भारत सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समावेशी सामाजिक विकास को बढ़ावा देने में योगदान करते हैं।

इस अवसर पर लाल सिंह (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ बड़ौदा) एवं शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ अंचल) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सृजन एक सोच के प्रतिनिधियों, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं छात्राओं तथा बैंक के वरिष्ठ कार्यपालकगणों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लाल सिंह (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ बड़ौदा) ने कहा, “शिक्षा और स्वस्थ शिक्षण वातावरण बच्चे के समग्र विकास की आधारशिला हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि वित्तीय बाधाएं बालिकाओं की शिक्षा, उनके स्वास्थ्य एवं उनके सपनों की राह में रुकावट न बनें।”
इन सार्थक पहलों के माध्यम से बैंक ऑफ बड़ौदा सामुदायिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करते हुए यह सुनिश्चित कर रहा है कि आवश्यक बुनियादी सुविधाएं एवं शैक्षणिक संसाधन जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचें, ताकि एक अधिक सशक्त एवं समावेशी समाज का निर्माण किया जा सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal