लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बोरा फाउंडेशन द्वारा ‘सेवा सखी’ कार्यक्रम के तहत लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र की आशा बहुओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सीतापुर रोड स्थित सेवा परिसर में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने आशा बहुओं को सम्मानित किया।
इस दौरान आशा बहुओं ने क्षेत्रीय विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया। आशा बहुओं ने राज्य कर्मचारी घोषित करने, मानदेय में वृद्धि करने तथा आयुष्मान कार्ड की सुविधा से जोड़ने की मांग प्रमुखता से रखी।

आशा बहुओं ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, सुविधाओं और उपेक्षाओं को लेकर विधायक से संवाद भी किया। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह आशा बहुओं की मांगों से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक तथा मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे, ताकि उनकी समस्याओं का निराकरण कराया जा सके।

कार्यक्रम की संयोजक एवं बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा ने सभी आशा बहुओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आशा बहुओं के स्वास्थ्य एवं समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के अंत में बोरा फाउंडेशन के अध्यक्ष वत्सल बोरा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील सिंह ने किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal