Sunday , September 20 2026

बोरा फाउंडेशन की पहल : फैजुल्लागंज में दो सिलाई केंद्रों का शुभारंभ


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर  बोरा फाउंडेशन द्वारा सेवा सखी, नारी कौशल एवं स्वावलंबन मिशन चलाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में रविवार को फैजुल्लागंज में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई। पहला केंद्र श्याम विहार कॉलोनी में रागिनी शर्मा के नेतृत्व में और दूसरा केंद्र फैजुल्लागंज के वैष्णवीपुरम में ममता सिसौदिया के नेतृत्व में शुरू किया गया है। 

उद्घाटन के अवसर पर बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिन्दु बोरा ने कहा कि “महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना पूरे परिवार और समाज की उन्नति के लिए बेहद ज़रूरी है। आज के समय में हुनर ही सबसे बड़ी पूंजी है। इन सिलाई केंद्रों के माध्यम से हमारी बहनें और बेटियां सिलाई-कढ़ाई का हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी और अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। हमारा प्रयास है कि हर महिला के पास रोज़गार का साधन हो।

बिन्दु बोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और सीएम के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने 90 महिला सदस्यों को उपहार स्वरूप साड़ी प्रदान कर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट कविता अग्रवाल ने बोरा फाउंडेशन द्वारा महिलाओं को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की। केंद्र की संचालिका रागिनी शर्मा और ममता सिसौदिया ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुनील सिंह, शैलेंद्र मौर्य, रामशरण सिंह, गौरव अवस्थी, पूजा मिश्रा ,सोनी, आशा पांडेय, गीता, राधा, सोनिया, आराधना सहित काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।