Monday , September 21 2026

लखनऊ उत्तर : सेवा सेतु शिविर में उमड़ी भीड़, राशन कार्ड से आयुष्मान तक मिलीं सेवाएं

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत रविवार को जानकीपुरम के नहर रोड स्थित स्वागतम लॉन में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में क्षेत्रवासियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में हाउस टैक्स, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड, उज्ज्वला योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं के स्टाल पर भीड़ रही। लोगों ने स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और पात्रता के अनुसार आवेदन एवं पंजीकरण कराया। इस दौरान 10 लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित कर सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर ने शिविर के आयोजन और उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देशभर में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का जो रोडमैप बनाया था। उसको साकार करने की दिशा में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षदों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क करके आयुष्मान कार्ड बनवाने में उनका सहयोग करें। उन्होंने युवाओं से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से जुड़कर स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

विधायक ने कहा कि यह शिविर केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनके समाधान और योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर रहे हैं।

शिविर में जानकीपुरम निवासी रीता मिश्रा, प्रीति वर्मा, रेनू वर्मा, मुन्नी देवी, विजेता गौतम, रागिनी तिवारी, आशा मिश्रा एवं रवीना बानो सहित अन्य लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किया गया। वहीं वोटर कार्ड के लिए काफी संख्या में लोगों ने आवेदन किया।

इसके अलावा हाउस टैक्स से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने संबंधित स्टॉल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्या का निराकरण किया। उद्योग विभाग के स्टॉल पर युवाओं की विशेष भीड़ रही, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर नगर महामंत्री टिंकू सोनकर, पार्षद दीपक लोधी, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।