Thursday , September 17 2026

भवानी ITI : दीक्षांत समारोह में मेधावियों का सम्मान, राहुल भारती बने टॉपर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज की इकाई भवानी प्राइवेट आईटीआई में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की भव्य पूजा-अर्चना के साथ हुआ। समारोह में वर्ष 2026 बैच के सभी 54 प्रशिक्षु ने आईटीआई परीक्षा-2026 में बेहतर अंकों के साथ सफलता हासिल की। सभी प्रशिक्षुओं ने 76 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया।

परीक्षा परिणाम में फिटर ट्रेड के राहुल भारती ने 93 प्रतिशत अंक हासिल कर संस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं फिटर ट्रेड के सुजीत मौर्या ने 91 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के आयूष कश्यप ने 89.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

समारोह के मुख्य अतिथि यज्ञदेव सिंह, संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षु/शिक्षु), लखनऊ मंडल ने मेधावी प्रशिक्षुओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलेगी। जो प्रशिक्षु अपना व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं, वे विभाग से विचार-विमर्श कर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षुओं को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। समारोह में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, चेयरमैन आयूष जायसवाल, कोआर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्य आशीष श्रीवास्तव सहित शिक्षकगण एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।