Wednesday , September 16 2026

दादी-नानी की कहानी ने जगाई पढ़ाई की लगन, बेटियों ने लिया ये संकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बच्चों में नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों के विकास के उद्देश्य से लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा संचालित मासिक दादी-नानी की कहानी श्रृंखला के 85वें आयोजन में बुधवार को विकास नगर स्थित राजकीय कन्या इण्टर कालेज में बालिकाओं ने कहानी सुनी। स्टोरीमैन जीतेश श्रीवास्तव ने रुन्नू और सुहानी की कहानी के माध्यम से बच्चों को ईमानदारी, मेहनत और लगन से कार्य करने की प्रेरणा दी। कहानी सुनने के बाद बच्चों ने उससे जुड़े बोधात्मक प्रश्नों के उत्तर दिए और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कठिन वाक्यों के उच्चारण अभ्यास से हुई। इसके बाद सुनाई गई कहानी में बताया गया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर प्रतिकूल परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है। कहानी के माध्यम से बच्चों में अच्छे संस्कारों और जीवन-मूल्यों की समझ विकसित करने का प्रयास किया गया।

अर्चना गुप्ता ने पढ़ना बहुत जरूरी है कविता सुनाई जिसे बच्चों ने उनके साथ दोहराया। राज वर्मा ने पुस्तकों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम वर्मा ने कथा प्रस्तोता समूह का स्वागत किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी, रंगकर्मी चन्द्रभाष, डॉ. एस.के. गोपाल, अम्बरीश सिंह तथा विद्यालय की अध्यापिकाएं रश्मि मिश्रा, मनीषा सक्सेना, मीनाक्षी श्रीवास्तव और सीमा वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।