लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दिव्यांग फाउंडेशन के सहयोग एवं प्रबंधन में उत्तर प्रदेश व्हीलचेयर पिकलबॉल एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश की व्हीलचेयर पिकलबॉल टीम के चयन के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। यह चयन ट्रायल 20 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक पिकल डोम, तिवारी गंज (निकट बीबीडी विश्वविद्यालय) में आयोजित किए जायेगा।
उत्तर प्रदेश व्हीलचेयर पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नफीस सिद्दीकी ने बताया कि नवंबर 2026 में कर्नाटक में प्रथम राष्ट्रीय व्हीलचेयर पिकलबॉल चैंपियनशिप आयोजित होने जा रही है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए खिलाड़ियों का चयन इन चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल में उत्तर प्रदेश के योग्य एवं प्रतिभावान व्हीलचेयर पिकलबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी।
व्हीलचेयर पिकलबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ एवं संस्थापक प्रवीण सिंह सेंगर ने बताया कि व्हीलचेयर पिकलबॉल आज पूरी दुनिया में खेला जा रहा है। भारत में भी इस खेल को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से इसकी नई शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर पिकलबॉल को हाल ही में पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) द्वारा रिकग्नाइज़्ड किया गया है। हमारा लक्ष्य भारत में इस खेल को और मजबूत करना तथा जल्द ही भारत की राष्ट्रीय टीम तैयार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य देशों की टीमों के साथ मुकाबले आयोजित करना है। इससे भारत के व्हीलचेयर पिकलबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
चयन ट्रायल में खिलाड़ियों पासपोर्ट साइज फोटो, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, अपनी व्हीलचेयर और अपना पिकलबॉल पैडल साथ लाना अनिवार्य है। एसोसिएशन ने सभी इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर चयन ट्रायल में भाग लें और उत्तर प्रदेश की टीम में चयनित होकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त करें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal