लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। न्यू हैदराबाद स्थित आकाश गंगा टावर सोसाइटी की छत पर लगा मोबाइल टावर इन दिनों सोसाइटीवासियों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। निवासियों का आरोप है कि टावर का लगातार विस्तार किए जाने से छत पर अतिरिक्त भार बढ़ गया है, जिसके चलते कई जगह दरारें आ गई हैं। वहीं, सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित फ्लैट संख्या 703 और 704 में पानी का रिसाव होने से समस्या और गंभीर हो गई है। सोसाइटीवासियों ने संबंधित कंपनी से टावर तत्काल हटाने की मांग की है।

सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल बाजपेई ने इस संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में करीब 400 वर्गफुट क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने के लिए लीज एग्रीमेंट किया गया था। आरोप है कि इसके बाद संबंधित कंपनी ने धीरे-धीरे टावर का विस्तार करते हुए करीब 1600 वर्गफुट क्षेत्र पर कब्जा कर लिया।

अनिल बाजपेई के मुताबिक, कंपनी ने छत पर भारी मोबाइल टावर स्थापित कर दिया है। इससे छत पर भार बढ़ने के कारण कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं। इसके अलावा टावर के कारण सबसे ऊपरी मंजिल के फ्लैटों में पानी का रिसाव भी हो रहा है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोसाइटी अध्यक्ष का कहना है कि इस संबंध में संबंधित कंपनी को कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं और टावर हटाने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे सोसाइटी के लोगों में किसी संभावित हादसे को लेकर भय बना हुआ है। उन्होंने एलडीए से मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने और मोबाइल टावर को जल्द हटवाने की मांग की है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal