लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम को छात्राओं के हित, शैक्षिक विकास और महाविद्यालय की प्रगति के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा की ओर से यह सहयोग प्रदान किया गया है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस राशि का उपयोग छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास और उनके सर्वांगीण हित से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। महाविद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया है।
इसी क्रम में महाविद्यालय ने उन्नत भारत अभियान (यूबीए) के तहत पांच गांवों को गोद लिया है। महाविद्यालय का यूबीए पंजीकरण वर्तमान में आईआईटी कानपुर के स्तर पर अंतिम चरण में है। अभियान के माध्यम से छात्राओं को ग्रामीण समुदायों से जुड़ने और उनकी आवश्यकताओं को समझने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा।
उन्नत भारत अभियान के संयोजक डॉ. विशाल वर्मा ने बताया कि यूबीए के माध्यम से छात्राएं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में कार्य कर सकेंगी। इससे छात्राओं में सामाजिक सरोकार और व्यावहारिक समझ विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. दिनेश शर्मा का 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग महाविद्यालय के विकास और छात्राओं के लिए सुविधाओं के विस्तार में उपयोगी साबित होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal