मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अनमोल टीवी का पहला ओरिजिनल शो, ‘हमारी राधा’ अपनी दिलचस्प कहानी और रिश्तों की बारीकियों से दर्शकों को खूब लुभा रहा है। आने वाले दिनों में रक्षाबंधन के मौके पर शो की कहानी भी एक दिलचस्प मोड़ लेने वाली है। रक्षाबंधन के उत्सव के बीच शनाया और राधा के तोहफों की अदला-बदली हो जाती है, जो कि गिरधर ने भेजे हैं। अपनी उम्मीद से अलग तोहफा पाकर शनाया आग-बबूला हो जाती है।
वहीं दूसरी ओर, असली राज़ तब खुलेगा, जब परिवार के सामने राधा उस तोहफे को खोलेगी। बवाल तब खड़ा होगा, जब तोहफे के साथ-साथ एक लैटर भी राधा के हाथ लग जाएगा। आखिर उस तोहफे में ऐसा क्या होगा, जिसे देखकर गिरधर के होश उड़ जाएँगे? क्या राधा के सामने गिरधर और शनाया के रिश्ते का कोई राज़ खुल जाएगा? यह जानना दिलचस्प होगा।
इसी बीच, शो में राधा का किरदार निभा रहीं सिमरन कौर इस रक्षाबंधन अपने भाई-बहनों से जुड़े एक ऐसे रिश्ते की बात कर रही हैं, जो उनके जीवन में इस त्यौहार को और भी खास बना देता है।
वैसे तो सिमरन सिंगल चाइल्ड हैं, लेकिन अपने कजिन्स के साथ उनका रिश्ता हमेशा से ही बहुत खास रहा है और वे उन्हें अपने सगे भाई-बहन की तरह ही मानती हैं। हर रक्षाबंधन पर सिमरन और उनके कजिन्स एक-दूसरे को राखी बाँधते हैं। सिमरन मानती हैं कि भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ राखी बाँधने से नहीं, बल्कि प्यार, परवाह और एक-दूसरे का साथ देने से बनता है। उनके लिए इस रिश्ते में एक-दूसरे का ख्याल रखना और हर मुश्किल में साथ खड़े रहना दोनों की जिम्मेदारी है।
रक्षाबंधन को लेकर बोलते हुए, सिमरन कौर यानि राधा ने कहा, “रक्षाबंधन मेरे लिए हमेशा से बहुत खास रहा है, क्योंकि यह भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है, ऐसा रिश्ता, जो राखी बाँधने से नहीं, बल्कि प्यार, परवाह और एक-दूसरे का साथ देने से बनता है। मैं सिंगल चाइल्ड हूँ, लेकिन मैं खुशकिस्मत हूँ कि मेरे कई कजिन्स हैं, जिन्हें मैंने हमेशा अपने भाई-बहन की तरह माना है। इसलिए हर साल हम एक-दूसरे को राखी बाँधते हैं। मेरे लिए इस त्यौहार की सबसे खास बात यही है कि एक-दूसरे की परवाह और एक-दूसरे की रक्षा करना भाई और बहन दोनों की जिम्मेदारी होनी चाहिए। यह समझना जरुरी है कि यह सिर्फ भाई की ही जिम्मेदारी नहीं है। बड़े होते-होते हम अपनी जिंदगी में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि कई बार अपने भाई-बहनों को यह बताना भूल जाते हैं कि वे हमारे लिए कितने खास हैं। रक्षाबंधन जैसे त्यौहार हमें कुछ पल रुककर उस रिश्ते को याद करने, उसे मजबूत बनाए रखने और उन्हें यह बताने का मौका देते हैं कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं और हमारी जिंदगी में उनके लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी।”
वहीं, शो की बात करें, तो ‘हमारी राधा’ की कहानी अब एक भावुक मोड़ लेने वाली है। गिरधर (अक्षय म्हात्रे) को लेकर राधा के मन में बढ़ते सवाल अब उसके रिश्ते पर भरोसे को चुनौती देने लगे हैं। क्या ये सवाल उसे गिरधर और शनाया (वैदेही नायर) के बीच की सच्चाई तक पहुँचा पाएँगे, यह देखना दिलचस्प होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal