लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बक्शी का तालाब स्थित आर.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न टेक्नोलॉजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। संस्थान के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री के विचारों एवं संदेश को सुना तथा खेलों के माध्यम से युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की प्रेरणा प्राप्त की।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अग्रिमा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए खेलों में अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी उनसे विभिन्न विषयों पर संवाद किया और प्रश्न पूछे।

कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, सचिव चित्रांशु अग्रवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारी रोशन सिंह रजिस्ट्रार बिमलेश चौहान, डीन एकेडमिक्स दुर्गेश वर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विकास सिंह तथा चीफ प्रॉक्टर विजय बहादुर सिंह उपस्थित रहे। शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।

संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और संघर्ष से सीखने का श्रेष्ठ माध्यम हैं। विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर उन्हें स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में संस्थान निरंतर प्रयासरत है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal