Tuesday , August 25 2026

विश्व संस्कृत दिवस पर छात्राओं ने दिखाई भाषायी और रचनात्मक प्रतिभा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में संस्कृत विभाग के तत्वावधान में विश्व संस्कृत दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने की तथा कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग की प्रभारी डॉ. पूनम पांडेय ने किया।

इस अवसर पर छात्राओं को संस्कृत भाषा की समृद्ध साहित्यिक एवं ज्ञान-परंपरा तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उसके महत्वपूर्ण योगदान से परिचित कराया गया। प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्कृत को भारतीय ज्ञान, दर्शन एवं सांस्कृतिक चेतना की सशक्त संवाहिका बताते हुए छात्राओं को अपनी भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत श्लोक पाठ, पोस्टर, कोलाज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। श्लोक पाठ में अनमोल साहू ने प्रथम एवं मोना यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में आयुषी राठौर, अनमोल साहू एवं स्नेहा कश्यप क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहीं। कोलाज प्रतियोगिता में यशी पाल, रत्ना रावत एवं वसुधा तथा निबंध लेखन में रत्ना रावत, स्नेहा कश्यप एवं रीना प्रजापति ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी भाषायी, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन ने संस्कृत भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति छात्राओं में रुचि, गौरवबोध और सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन का सार्थक संदेश दिया।