Sunday , August 23 2026

केशव नगर में सड़क-नाली निर्माण, शालीमार व अग्रसेन हाइट्स में ओपन जिम कार्य का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊउत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. नीरज बोरा ने केशव नगर में सड़क, सीसी एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही सीतापुर रोड स्थित शालीमार कोर्टयार्ड और अग्रसेन हाइट्स अपार्टमेंट परिसर में ओपन जिम के स्थापना कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

फैजुल्लागंज स्थित केशव नगर में बेहतर आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाजसेविका मीना पांडेय के आवास के सामने सड़क, सीसी एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए क्षेत्रीय विकास निधि से करीब 17 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं, क्षेत्रवासियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीतापुर रोड स्थित शालीमार कोर्टयार्ड और अग्रसेन हाइट्स अपार्टमेंट परिसर में ओपन जिम की स्थापना की जा रही है। इन दोनों ओपन जिम का निर्माण लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से कराया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों को अपने आसपास ही व्यायाम और फिटनेस की सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेयी, राम शरण सिंह, सुनील सिंह, मीना पांडेय, सोनू मिश्रा, रूपेश अग्रवाल, राजीव त्रिपाठी, डॉ. मनोज, रोहित धीर, प्रदीप शुक्ला, आशा सोनी, नीरज झा, संजीव सक्सेना, अंकुर अग्रवाल और करन खन्ना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।