Sunday , August 23 2026

CM योगी से IMA प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, मेडिकल काउंसिल चुनाव जल्द कराने की मांग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की 3rd स्टेट वर्किंग कमेटी की बैठक रविवार को लखनऊ में आयोजित की गई। इससे पूर्व शनिवार को IMA के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, IMA के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभयमणि त्रिपाठी मौजूद रहे।

IMA पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात अत्यंत सकारात्मक रही। IMA द्वारा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा गया तथा उन पर सकारात्मक चर्चा हुई।

पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार और चिकित्सा समुदाय के बीच संवाद लगातार मजबूत हुआ है। चिकित्सकों से संबंधित समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें गंभीरता से सुना जाता है तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाती है। IMA ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ निरंतर रचनात्मक सहयोग एवं संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि IMA प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश में IMA का व्यापक नेटवर्क है और इसकी शाखाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी अक्सर नहीं मिल पाती। ऐसे में IMA की शाखाओं के माध्यम से गांवों में जाकर लोगों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा सकता है। जिस पर मुख्यमंत्री ने इस दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया।

यूपी मेडिकल काउंसिल के चुनाव कराने की मांग

डा. शरद अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल के चुनाव लंबे समय से नहीं हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेडिकल काउंसिल के चुनाव कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि देश के कई अन्य राज्यों में मेडिकल काउंसिल के चुनाव होते हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में लंबे समय से यह प्रक्रिया लंबित है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख दिखाया।

इसके अलावा आयुष्मान योजना के भुगतान से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। IMA ने अस्पतालों को भुगतान में आ रही समस्याओं को दूर करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों की जानकारी उपलब्ध कराने पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चिकित्सकों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई न हो

चिकित्सकों के साथ हिंसा की घटनाओं पर डा. अग्रवाल ने कहा कि किसी भी स्थिति में चिकित्सकों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा में हर मरीज की जान बचाना संभव नहीं होता और हर मृत्यु को चिकित्सकीय लापरवाही नहीं माना जा सकता। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायत होने पर पहले मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जानी चाहिए और बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होनी चाहिए।

झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्ती की मांग

झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि IMA लंबे समय से इस मुद्दे को उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने भी झोलाछापों की समस्या को गंभीरता से स्वीकार किया है। जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि किसी योग्य और पंजीकृत चिकित्सक के खिलाफ बिना जांच कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, लेकिन झोलाछापों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है, क्योंकि उनके गलत उपचार से मरीजों की स्थिति गंभीर होने के साथ कई बार जान का खतरा भी पैदा हो जाता है।