लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव (वीएसएम, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप लखनऊ) के निर्देशन में 19 यू.पी. गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजाजीपुरम में “बालिकाओं की व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता” विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक (कमांडिंग ऑफिसर, 19 यू.पी. गर्ल्स बटालियन एनसीसी, लखनऊ) एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शिवानी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य युवा बालिकाओं एवं एनसीसी कैडेट्स को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वास्थ्य, मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वस्थ एवं सुरक्षित आदतों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक एवं शिक्षित करना था।

कार्यशाला में वेरोनिका कौल, रिया चौधरी एवं गौरव सोनी द्वारा व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण एवं जानकारीपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। पावरपॉइंट प्रस्तुतियों, ऑडियो-विजुअल माध्यमों तथा व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, मासिक धर्म उत्पादों के उचित उपयोग एवं सुरक्षित निस्तारण, पोषण, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के दौरान एक अंतःक्रियात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों से आए एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं चिंताओं को खुलकर साझा किया। विशेषज्ञों द्वारा उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक, प्रासंगिक एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला में एनएसएन डिग्री कॉलेज, शशि भूषण डिग्री कॉलेज, रेड रोज इंटर कॉलेज, एसजीएनजी डिग्री कॉलेज तथा नवयुग गर्ल्स डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यशाला में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक तथा प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने सभी विशेषज्ञों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल दीप्ति (प्रशासनिक अधिकारी, 19 यू.पी. गर्ल्स बटालियन एनसीसी), सीनियर जीसीआई विनिता श्रीवास्तव तथा महाविद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नेहा जैन (केयरटेकर ऑफिसर) ने किया। उन्होंने कार्यशाला के सुचारु एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया। यूओ नैंसी पांडे, सीपीएल – वैष्णवी पांडे, तस्मानिया, आशी झा एलसीपीएल, अदिति सिंह वर्तिका सिंह, नंदिनी, मंजू, सीता पाल, पलक यादव, मासूम शर्मा एवं CQMS दुर्गा यादव ने कार्यशाला के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

यह कार्यशाला युवा बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म संबंधी गरिमा एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। साथ ही, इसने एनसीसी कैडेट्स को अपने परिवार एवं समुदाय में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए जागरूक एवं जिम्मेदार प्रचार वाहक बनने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं हेतु जागरूकता कार्यशाला में लखनऊ के विद्यालयों एवं अन्य महाविद्यालय से 200 एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal