लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब की ओर से एआईसीटीई एवं मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन के इनोवेशन सेल के स्मार्ट इंडिया हैकथाॅन के लिए शुक्रवार को प्री हैकथाॅन का आयोजन किया गया। हैकथाॅन में विश्वविद्यालय परिसर के बीटेक, बीफार्मा एवं एमटेक के 186 छात्रों ने 30 टीम के रूप में विभिन्न समस्याओं के समाधान का आइडिया प्रस्तुत किया। टीमों ने दस क्षेत्रों जिसमें बाढ़, कृषि, स्मार्ट वाहन, लाॅजिस्टिक, एग्रीकल्चर एंड टूरिज्म, साइबर सिक्योरिटी, ब्लाॅकचेन, स्मार्ट एजुकेशन, फिटनेस एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का अपने आइडिया से समाधान प्रस्तुत किया।
इस दौरान कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने बारी-बारी से सभी टीमों से मिलकर उनके आइडिया के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने उनके प्रोजेक्ट के तकनीकी पक्ष को जाना। वहीं एक आइडिया में एक्सपर्ट का डेटाबेस जोड़ने का सुझाव दिया। साथ ही एक टीम को उनके बनाये जा रहे ऐप में वायस कमांड इनबिल्ड करने के लिए कहा। ताकि बेहतर परिणाम मिल सके। इसी तरह बच्चों के लिए बनाये गये एक ऐप में स्टोरी, कविता जोड़ने का सुझाव दिया। जिससे कि बच्चे खेल-खेल में आसानी से सीख सकें। इसी तरह कई टीमों ने बाढ़ पर अपना आइडिया प्रस्तुत किया।
इन आइडिया में कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने अधिक से अधिक रियल टाइम डेटा का इस्तेमाल करने को कहा। इस दौरान सेंटर फाॅर एडवांस्ड स्टडीज के बीटेक छात्रों की एक टीम शस्यमेदिनी नाम से मिट्टी की जांच करने वाली डिवाइस एवं कृषि टेक ऐप बना रही है। इस डिवाइस और ऐप के जरिये खेतों की मिट्टी की जांच आसानी से होगी। इसके जरिये किसानों को पता लग जाएगा कि उनके खेत के मिट्टी की सेहत कैसी है। उन्हें मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए किस खनिज की जरूरत है। साथ ही ऐप के माध्यम से भी किसानों को मिट्टी से जुड़ी सारी जानकारी मिल सकेगी।
कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने छात्रों के इस टीम को विश्वविद्यालय के गोद लिए गए गांवों के किसानों के खेतों की मिट्टी की जांच पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करने को कहा है। जिससे छात्रों के आइडिया को व्यवहारिक रूप से परखा जा सके। साथ ही इससे किसानों को भी फायदा होगा। साथ ही सभी टीमों के आइडिया की बुकलेट बनाने का भी निर्देश दिया।
जूरी ने किया मूल्यांकन
छात्रों के बनाए समाधान को जूरी ने मूल्यांकन किया। जूरी ने विभिन्न कसौटियों पर आइडिया को परखा। सबसे सटीक एवं व्यवहारिक आइडिया को चयनित किया गया। चयनित आइडिया स्मार्ट इंडिया हैकथाॅन में हिस्सा लेगी। प्री हैकथाॅन का उद्घाटन कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने किया। हैकथाॅन का निर्देशन इनोवेशन हब के निदेशक एवं वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो0 बीएन मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रतिकुलपति प्रो राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो0 दीपक नगरिया, एसो0 डीन इनोवेशन डाॅ0 अनुज कुमार शर्मा मौजूद रहे। जबकि समन्वय इनोवेशन हब के सीईओ डाॅ0 महीप सिंह एवं सीआईओ वंदना शर्मा ने किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal