लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसीएल) ने ताज पैलेस, लखनऊ की ओपनिंग की घोषणा की है। होटल का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं आईएचसीएल के एमडी एवं सीईओ पुनीत चटवाल भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आईएचसीएल के एमडी एवं सीईओ पुनीत चटवाल ने कहा, “भारत में आर्थिक एवं पर्यटन गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, बढ़ते निवेश और पर्यटन के चलते लखनऊ जैसे शहर महत्वपूर्ण केन्द्रों के रूप में उभर रहे हैं। दूसरे ताज होटल की ओपनिंग राज्य के बढ़ते आर्थिक एवं सामाजिक महत्व तथा क्षेत्र के लिए आईएचसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।“
उन्होंने कहा, ‘‘आईएचसीएल लम्बे समय से उत्तर प्रदेश में मौजूद है, 20 से अधिक शहरों में होटलों की संख्या 60 के आंकड़े तक पहुंच गई है। अपने विविध ब्राण्ड्स के माध्यम से आईएचसीएल उभरते कमर्शियल हब्स में विस्तार के साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर को दर्शाता है।’’
गोमती नगर के केन्द्र में स्थित 181 कमरों का ताज पैलेस, लखनऊ शहर की सदाबहार पहचान को आज के दौर की अभिव्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करता है। इतिहास और परम्परा से जुड़े इस शहर में ताज पैलस, लखनऊ शांत और आधुनिक अनुभव प्रदान करता है। गोमती नगर की हरियाली के बीच मौजूद इस होटल के कमरे और शेयर्ड स्पेसेज़-रोशनी एवं हरियाली के साथ सुकून भरा माहौल देते हैं। होटल में आने वाले मेहमान आधुनिक कैफ़े ‘बिस्त्रोत’ में खास तरह की चाय, कॉफी, और हल्के-फुल्के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। इसी तरह ताज का जाना-माना चीनी रेस्टोरेन्ट ‘हाउस ऑफ मिंग’ भी यहां पर है। ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेन्ट ‘मचान’ देशी-विदेशी व्यंजन लेकर आता है; और व्हिस्की बार ‘शैडो एंड ओक’ भी मेहमानों को यादगार अनुभव प्रदान करता है।
होटल में आने वाले मेहमान ताज की सिगनेचर वैलनैस पेशकश ‘जे वैलनैस सर्कल’ (जो आयुर्वेद और समग्र कल्याण के सिद्धान्तों पर आधारित है) और आधुनिक फिटनैस सेंटर एवं रूफटॉप स्विमिंग पूल में तरोताज़ा हो सकते हैं। ताज का एक्सक्लुज़िव मेंबर्स-ओनली बिज़नेस क्लब ‘द चैम्बर्स’ भी प्रदेश में शुरूआत कर रहा है, जो मीटिंग्स के लिए प्राइवेट सैटिंग उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा कई बैंक्वेट स्पेसेज़ के साथ यह होटल सम्मेलनों एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी बेहतरीन विकल्प है।
इस अवसर पर ताज पैलेस, लखनऊ के जनरल मैनेजर संतोष शेट्टी ने कहा, ‘ताज पैलेस लखनऊ शहर के बदलते स्वरूप को अभिव्यक्त करता है, जिसमें आधुनिक भव्यता और प्रकृति से प्रेरित डिज़ाइन का खूबसूरत संयोजन देखने को मिलता है। हम लखनऊ के इस अत्याधुनिक स्थान पर सिग्नेचर ‘ताजनैस’ के साथ मेहमानों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।’
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को इसकी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक आर्कीटेक्चर और परम्पराओं के लिए जाना जाता है। आज यह शहर वाणिज्य, शिक्षा और पर्यटन का केन्द्र बन गया है, जहां इतिहास और आधुनिक प्रगति का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal