Wednesday , August 19 2026

श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी के साथ भिठौली में लगा पंजीयन शिविर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। असंगठित क्षेत्र में कार्यरत निर्माण एवं दिहाड़ी श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और श्रमिक पंजीयन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से श्रम विभाग, लखनऊ एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘श्रमिक पंजीयन अभियान’ के तहत बुधवार को भिठौली लेबर अड्डे पर विशेष पंजीयन एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 35 से अधिक श्रमिकों का पंजीयन किया गया।

शिविर के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार ने श्रमिकों को पंजीयन और नवीनीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के लिए पंजीयन कराने के साथ-साथ समय से नवीनीकरण कराना भी जरूरी है, ताकि वे उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का निरंतर लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने श्रमिकों को बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जिन श्रमिकों का अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है, वे अपना पंजीयन अवश्य कराएं। वहीं, पहले से पंजीकृत श्रमिक अपने श्रमिक कार्ड की वैधता की जांच कर समय से उसका नवीनीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि पंजीयन और नवीनीकरण के माध्यम से श्रमिक सरकार की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठा सकते हैं।

इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन की टीम ने श्रमिकों को पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया। संस्था की ओर से अमर सिंह, अमित कुमार, अंकित वर्मा तथा फेलो रोशनी रावत और चांदनी खान शिविर में उपस्थित रहे। टीम ने श्रमिकों को आवश्यक दस्तावेजों, पंजीयन प्रक्रिया और श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर के दौरान विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित इंडिया लेबर लाइन के बारे में भी श्रमिकों को जागरूक किया गया। श्रमिकों को बताया गया कि श्रमिको से जुड़ी समस्याओं के समाधान, मुफ्त सहायता और कानूनी सहयोग के लिए इंडिया लेबर लाइन हेल्पलाइन नंबर 18008339020 पर संपर्क किया जा सकता है।

शिविर का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीयन प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें सरकार की सामाजिक सुरक्षा एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।