Monday , August 17 2026

‘इनसिडियस : आउट ऑफ द फर्दर’ में असल दुनिया में दस्तक देगा ‘द फर्दर’ का खौफ

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ (Insidious: Out of the Further) में अमेलिया ईव, जेम्मा का किरदार निभा रही हैं। जेम्मा एक युवा माँ है जो अपनी बेटी की परवरिश उसी घर में कर रही है जहाँ वह खुद बड़ी हुई थी। उसे पता चलता है कि वह ‘द फर्दर’ में जा सकती है, यह ‘इनसिडियस’ की दुनिया के केंद्र में मौजूद खोई हुई आत्माओं की एक अजीब और डरावनी जगह है। जब कोई बुरी ताकत उसके पीछे पड़ती है, तो जेम्मा को अपनी एक ऐसी काबिलियत का पता चलता है, जो सब कुछ बदल देती है: वह न सिर्फ ‘द फर्दर’ में जा सकती है, बल्कि वहाँ रहने वाली चीज़ों को असल दुनिया में भी ला सकती है।

जब राक्षसों को उसकी इस ताकत का पता चलता है, तो हमारी दुनिया उनका खेल का मैदान बन जाती है। लिन शे (Lin Shaye) एलिस रेनियर के अपने मशहूर किरदार में वापसी कर रही हैं और जैकब चेस (कम प्ले) इसे डायरेक्ट कर रहे हैं। ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ 21 अगस्त, 2026 को पूरे भारत में अंग्रेज़ी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ होगी।

प्रोड्यूसर जेम्स वान कहते हैं कि ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ उन आइडियाज़ को पहले से कहीं आगे ले जाती है। वे बताते हैं, “द फर्दर अब हमारी असल दुनिया में आने के लिए तैयार है। हमने ऐसा पहले कभी इतने बड़े पैमाने पर नहीं देखा। हमने ‘द फर्दर’ की झलकियाँ या संकेत हमारी दुनिया में आते देखे हैं, लेकिन कभी ऐसा नहीं हुआ कि वे असल रूप ले लें।

‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ के साथ फ्रैंचाइज़ी को ऐसी दिशाओं में ले जाया जा रहा है, जिन्हें पहले कभी नहीं आज़माया गया। वान को यह आइडिया पसंद है कि नए डायरेक्टर नए आइडियाज़ ला सकते हैं। उन्हें प्रोड्यूस करने की प्रक्रिया पसंद है: फ्रैंचाइज़ी बनाते समय, जैसा कि उन्होंने ‘सॉ’ (Saw), ‘द कॉन्ज्यूरिंग’ (The Conjuring), ‘इनसिडियस’ और दूसरी कहानियों के साथ कई बार किया है, वे उस दुनिया के काम करने के बुनियादी नियम तय कर सकते हैं और फिर दूसरे आर्टिस्ट्स के लिए उस दुनिया में कुछ नया जोड़ने का रास्ता खोल सकते हैं। वे बताते हैं, “मैं इन फ्रैंचाइज़ी में काम करने वाले सभी डायरेक्टर्स से कहता हूँ, ‘यह रहा सैंडबॉक्स (खेल का मैदान)। सैंडबॉक्स के अंदर ही रहो, लेकिन उसके अंदर जो चाहो वो करो।

वान के लिए, यह आइडिया हॉरर जॉनर की उन सभी चीज़ों से मेल खाता है जो उन्हें पसंद हैं। वान कहते हैं, “बहुत से फिल्ममेकर्स को इस खास जॉनर में काम करना इसलिए पसंद है क्योंकि हॉरर हमें ऐसी कई बातें कहने का मौका देता है जो हम दूसरी फिल्मों में नहीं कह सकते। हम दुनिया पर सामाजिक टिप्पणी कर सकते हैं, राजनीतिक माहौल के बारे में बात कर सकते हैं। हम इसे एक रूपक या उपमा के तौर पर पेश कर सकते हैं। लेकिन, लोग इससे बुरा नहीं मानते क्योंकि आखिर में यह एक डरावनी फिल्म है, इसका मकसद ही आपको झकझोरना और नाराज़ करना होता है।