Sunday , August 16 2026

ECOVERSE में CMS राजाजीपुरम के आरुष मिश्रा ने जीता प्रथम पुरस्कार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 11वीं ओडिसी इंटरनेशनल लिटरेरी ओलंपियाड में सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) पर आधारित विशेष प्रतियोगिता ‘ECOVERSE’ में देश-विदेश के 25 स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक स्कूल से एक प्रतिभागी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। तीन चुनौतीपूर्ण चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी प्रतिभा एवं समझ का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के पहले चरण में सस्टेनेबिलिटी से जुड़े 20 प्रश्नों का 20 अंकों का बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) राउंड आयोजित हुआ। इसमें प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष 15 प्रतिभागियों ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

दूसरे चरण में ‘क्लाइमेट लीडर के तौर पर युवा: क्या छात्र पर्यावरण नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं?’ विषय पर 30 अंकों का ग्रुप डिस्कशन हुआ। प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय चुनौतियों, युवाओं की भूमिका और नीतिगत बदलावों में छात्रों की भागीदारी को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान उनके तर्क, संवाद कौशल और विषय की समझ का आकलन किया गया।

तीसरे और अंतिम चरण में 50 अंकों का स्लाइड प्रेजेंटेशन आयोजित किया गया। इसका विषय ‘पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के लिए कौन जिम्मेदार है–उपभोक्ता, कॉरपोरेशन या सरकार?’ था। प्रतिभागियों ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की साझा जिम्मेदारी पर प्रभावी तर्क और विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में सिटी मोंटेसरी स्कूल (CMS), राजाजीपुरम कैंपस I के छात्र आरुष मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। उनके विचारों की स्पष्टता, विषय की गहरी समझ और प्रभावशाली प्रेजेंटेशन को निर्णायकों ने सराहा। आरुष की इस उपलब्धि से सीएमएस राजाजीपुरम कैंपस I के खाते में एक और महत्वपूर्ण सफलता जुड़ गई।

ECOVERSE के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों पर चिंतन करने, अपने विचार व्यक्त करने और स्थायी भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को समझने का अवसर मिला।