लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज व ललित कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लिए छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल समय की आवश्यकता है बल्कि युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करते हैं। यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पुरनिया चौराहा तथा ललित कला केंद्र होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह तथा लोक एवं जनजातीय संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। यात्रा के महाविद्यालय परिसर में पहुंचने के उपरांत म्यूजिकल कंसर्ट का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति पर आधारित अनेक गीत प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों पर छात्राएं उत्साह और उमंग से झूम उठीं तथा पूरा महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।

प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ललित कला केंद्र के सचिव डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ सनोबर हैदर ने शानदार ढंग से किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal