Sunday , August 9 2026

मूक-बधिर महिलाओं ने हरियाली तीज समारोह में बिखेरी उत्सव की छटा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ फाउंडेशन ऑफ डेफ वूमेन की ओर से हरियाली तीज का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में करीब 70 मूक-बधिर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मेहंदी प्रतियोगिता, रैंप वॉक और विभिन्न गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

संस्था की अध्यक्ष मनीषा रस्तोगी और महामंत्री राखी शुक्ला ने बताया कि संस्था की ओर से मूक-बधिर महिलाओं के लिए प्रतिवर्ष हरियाली तीज समारोह आयोजित किया जाता है। आयोजन का उद्देश्य मूक-बधिर महिलाओं को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें आत्मविश्वास और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।

समारोह के दौरान महिलाओं ने मेहंदी रचाने के साथ रैंप वॉक में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया।मेहंदी में अरशी ने प्रथम, खुशबु गुप्ता ने द्वितीय, इरम फ़ातिमा ने तृतीय और रैंप वॉक में प्रिया अवस्थी ने प्रथम, पूजा चंद्रा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं पूजा यादव प्रथम, शशि मिश्रा द्वितीय और अनु पाण्डेय तृतीय स्थान पर रही।

संस्था की चेयरपर्सन दिव्या शुक्ला ने बताया कि मूक-बधिर महिलाओं के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विश्व विकलांग दिवस सहित अन्य अवसरों पर भी विशेष आयोजन किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में महिलाओं को डांस, प्रोग्रामिंग और गीतों के साथ-साथ ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का अवसर मिलता है, जहां वे प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम के समापन पर चेयरपर्सन दिव्या शुक्ला, अध्यक्ष एवं महामंत्री ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। आयोजन ने मूक-बधिर महिलाओं को मनोरंजन के साथ सामाजिक सहभागिता और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध कराया।