लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। माई भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में रविवार को महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ परिसर में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। अपने संदेश में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया का संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि देश को नशामुक्त बनाने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने माई भारत पोर्टल के माध्यम से डिजिटल शपथ लेकर नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर “नशा मुक्त भारत” का संदेश दिया। मानव श्रृंखला के माध्यम से युवाओं ने समाज को यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।

इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. विकास शुक्ल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सपन अस्थाना, डॉ. आर.पी. दीक्षित, डॉ. सुगत शुक्ल तथा डॉ. वेद प्रकाश सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह, कुलसचिव डॉ. गिरीश छिमवाल, उप कुलसचिव डॉ. राजेश सिंह तथा डीन अकादमिक डॉ. नीरज जैन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश निश्चित रूप से विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal