लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर विज्ञान क्लब एवं पर्यावरण समिति के तत्वावधान में एनबीआरआई के सहयोग से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रकृति संरक्षण दिवस के साथ-साथ ‘कैच द रेन’ अभियान के प्रति जागरूकता को कार्यक्रम का प्रमुख विषय बनाया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में डॉ. वर्तिका सिंह (सूचना अधिकारी, NBRI-EIACP) ने ‘कैच द रेन’ अभियान के महत्व, वर्षा जल संचयन की आवश्यकता तथा जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. संध्या मिश्रा (कार्यक्रम अधिकारी, NBRI-EIACP) ने प्रकृति संरक्षण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अत्यंत उत्साह एवं सक्रियता के साथ सहभागिता की। पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण से संबंधित नवाचारों एवं प्रभावी उपायों पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो प्रदर्शित किए गए। साथ ही छात्राओं ने विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शेफाली सिंह ने किया। रसायन विज्ञान विभाग की प्रो. मीशू सिंह ने कार्यक्रम का सार प्रस्तुत करते हुए सभी प्रमुख बिंदुओं का प्रभावी सारांश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की वरिष्ठतम प्राध्यापिका इतिहास विभाग एवं पर्यावरण क्लब की संयोजक प्रो. प्रियंका शर्मा ने किया। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकृति संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को हरित भेंट (पौध सम्मान) प्रदान किये गये। इस कार्यशाला में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal