लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह फीनिक्स पलासियो और एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन ने मिलकर योग दिवस मनाया। यहां योग और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। आर्ट ऑफ लिविंग के साथ आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वॉल्ट जिम का सहयोग भी रहा।
सुबह की शुरुआत पीहू द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत योग ऐंथम से हुई। इसके बाद आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक तनुज नरैन, स्मिता और रश्मि दानी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने में भी मदद करता है।

एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन के राष्ट्रीय समन्वयक हिमांशु पांडेय ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने लोगों से योग को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की।
एसएमओ डॉ. अवधेश द्विवेदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में योग के प्रति लोगों की जागरूकता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह स्वास्थ्य के साथ रोजगार का भी बड़ा क्षेत्र बनकर उभर रहा है।
इस अवसर पर फीनिक्स मिल्स के रिटेल डायरेक्टर (नॉर्थ) संजीव सरीन ने कहा, “हमें खुशी है कि योग दिवस के इस आयोजन में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फीनिक्स पलासियो हमेशा ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता है जो लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करें। आगे भी हम स्वास्थ्य, वेलनेस और सामुदायिक जुड़ाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal