Wednesday , June 17 2026

‘ठुकरा के मेरा प्यार’ सीजन-2 : सत्ता, सियासत और अधूरी मोहब्बत के बीच छिड़ेगी नई जंग

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज़ ‘‘ठुकरा के मेरा प्यार’’ सीज़न 2 का इंतज़ार अब और रोमांचक हो गया है। सीरीज़ का ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है, जो दर्शकों को ऐसी दुनिया की झलक दिखाता है जहाँ मोहब्बत मासूम एहसास भर नहीं रहती, बल्कि सत्ता, महत्वाकांक्षा और रिश्तों की जटिलताओं के बीच इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। यह सीरीज़ 19 जून से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

सीरीज़ के प्रमोशन के सिलसिले में लक्ष्मण नगरी पहुंचे कलाकार धवल ठाकुर और संचिता बसु ने मंगलवार शाम बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया था। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों कलाकारों ने सीरीज़ की सफलता तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद प्रशंसकों ने कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत भी किया।

बुधवार को प्रमोशन के दौरान मंदिर दर्शन के अनुभव को साझा करते हुए संचिता बसु ने कहा कि लखनऊ में उनकी यात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थल से होना बेहद सुखद रहा। भगवान कृष्ण और खाटू श्याम बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है। बाबा के दरबार में पहुंचकर उन्होंने सीरीज की सफलता के साथ-साथ अपने परिवार, सहयोगियों और सभी शुभचिंतकों के लिए भी मंगलकामनाएं की हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में आकर हमेशा सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव होता है।

वहीं धवल ठाकुर ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि किसी भी नए काम की शुरुआत सकारात्मक माहौल और ईश्वर के आशीर्वाद के साथ हो। उन्होंने बताया कि टीम के स्तर पर भी यह विचार किया गया था कि सीजन-2 के प्रमोशन की शुरुआत धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण से की जाए। इससे पूरे अभियान की शुरुआत शुभ भावना के साथ होती है। धवल ने कहा कि जब भी वे घर से किसी महत्वपूर्ण कार्य के लिए निकलते हैं, पूजा-पाठ कर ईश्वर का आशीर्वाद अवश्य लेते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ में भी उन्होंने मंदिर पहुंचकर प्रार्थना की। दोनों कलाकारों ने विश्वास जताया कि दर्शकों को ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ सीजन-2 का नया अध्याय पसंद आएगा और उन्हें भरपूर प्यार मिलेगा।

सीजन 2 में अभिनेता धवल ठाकुर एक ऐसे इंसान कुलदीप कुमार का किरदार निभाते हुए वापसी कर रहे हैं जो अपराधबोध और जुनून के बीच जूझ रहा है। एक ऐसा इंसान जिसने कभी कोई एक ऐसी गलती की थी, जिससे सब कुछ तहस-नहस हो गया और अब एक बार फिर वह खुद को राजनीति, सत्ता और अधूरी भावनाओं के खतरनाक जाल में खिंचता हुआ पाता है।

संचिता बसु, शानविका चौहान के रूप में और भी ज्यादा धाकड़, दमदार और शक्तिशाली बनकर उभरती हैं। सत्ता के बेरहम गलियारों से गुज़रते हुए वह नियमों को मानने से साफ़ तौर पर इंकार कर देती है, भले ही इसके लिए उसे इस रास्ते में रिश्तों की परिभाषा को ही क्यों न बदलना पड़े।

यह ट्रेलर इस सीज़न की एक ऐसी झलक दिखाता है, जो हाई-स्टेक्स पॉलिटिकल ड्रामे, सुलगते हुए बदले, इमोशनल टकराहट और टकरावों से भरा हुआ है। जैसे ही सीतापुर महत्वाकांक्षा और विश्वासघात की रणभूमि बन जाता है, कुलदीप और शानविका खुद को एक ऐसे खेल के विपरीत छोर पर पाते हैं… जहाँ भरोसा बेहद नाज़ुक होता है और इरादे कभी वैसे नहीं होते जैसे दिखाई देते हैं।

यह सीज़न जज़्बातों के उस तूफ़ान को और भी ज़्यादा गहरा करता है जिसने पहले सीज़न को एक मिसाल बनाया था। वही दिल का टूटना, वही बदले की आग और एक कमतर आंके गए कमजोर इंसान का हर दीवार लांघकर उभरना…। लेकिन इस बार, यह खेल एक बहुत बड़े और कहीं ज़्यादा ख़तरनाक कैनवास पर रचा गया है।

हर चुनौती से मजबूत बनती नजर आएगी शानविका : संचिता बसु 

संचिता बसु ने कहा कि “सीज़न 2 शानविका को एक ऐसे मोड़ पर ले जाता है जो जज़्बाती तौर पर अनकही और अप्रत्याशित है। वह अब पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत है, खुद को समेटकर रखने वाली और सतर्क है साथ ही लगातार इस उलझन में है कि जब खेल में सत्ता और धोखा शामिल हो जाए, तो फिर प्यार के असली मायने क्या रह जाते हैं। इस सीज़न में जिस चीज़ ने मुझे सबसे ज़्यादा रोमांचित किया, वो यह है कि यहाँ कुछ भी पूरी तरह सही या गलत नहीं है… हर इमोशन अपने साथ एक अंजाम लेकर आता है।’’

संचिता बसु ने कहा कि पहले सीज़न में दर्शकों ने शानविका की जिंदगी के भावनात्मक संघर्षों और उतार-चढ़ाव को देखा था। वहीं, दूसरे सीज़न में उसका सफर और अधिक गहराई के साथ सामने आएगा। उन्होंने बताया कि कहानी की शुरुआत भले ही एक सामान्य लड़की के जीवन से होती है, लेकिन परिस्थितियां उसे लगातार बदलने और मजबूत बनने के लिए मजबूर करती हैं। उन्होंने बताया कि सीज़न 2 में दर्शकों को एक लड़की के जीवन में आने वाले विभिन्न चरणों और चुनौतियों का प्रभाव देखने को मिलेगा। साथ ही यह भी दिखाया जाएगा कि किस तरह वह हर मुश्किल परिस्थिति का सामना करते हुए खुद को ढालती है और पहले से अधिक सशक्त बनकर उभरती है।

कुलदीप के किरदार में दिखेंगे नए रंग : धवल ठाकुर

कुलदीप कुमार के रूप में वापसी कर रहे धवल ठाकुर ने कहा कि, “कुलदीप इस सीज़न में अपने अतीत का बोझ उठाता है। वह इमोशनल होने के साथ ही एक अजीब तरह के द्वंद्व में है, वह जो महसूस करता है और जो दुनिया उससे उम्मीद करती है, उसके बीच लगातार फंसा हुआ रहता है। यह ट्रेलर केवल एक झलक दिखाता है कि इस बार उनकी यात्रा जज्बाती और निजी हो जाती है। इस बार कहानी का दायरा भले ही बहुत बड़ा हो गया हो, लेकिन इसके जज़्बातों की जो बुनियाद और आत्मा है, उतनी ही सच्ची और ज़मीनी है।”

धवल ठाकुर ने बताया कि कुलदीप मूल रूप से वही व्यक्ति है, जिसे दर्शकों ने पहले सीजन में देखा था, लेकिन अब उसके भीतर कई भावनात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार किरदार के अंदर आत्मविश्लेषण की प्रक्रिया दिखाई देगी। वह अपने अतीत की घटनाओं और फैसलों पर विचार करता नजर आएगा कि क्या उसने जो किया वह सही था और आगे उसे क्या करना चाहिए। इसी वजह से दर्शकों को कुलदीप के व्यक्तित्व के कई नए पहलू देखने को मिलेंगे।

लखनऊ में शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए धवल ने कहा कि शहर की संस्कृति, खानपान और खूबसूरत लोकेशनों ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने यहां के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया और स्थानीय भोजन का भरपूर आनंद उठाया। सीरीज की शूटिंग के दौरान पसंदीदा लोकेशन के बारे में पूछे जाने पर धवल ने कहा कि मलिहाबाद की कई जगहें उन्हें बेहद आकर्षक लगीं। विशेष रूप से एक पुरानी हवेली और आसपास का प्राकृतिक वातावरण उन्हें काफी पसंद आया। उन्होंने बताया कि सीरीज के कई महत्वपूर्ण और कहानी को मोड़ देने वाले दृश्य इन्हीं लोकेशनों पर फिल्माए गए हैं, जिन्हें दर्शक आगामी सीजन में देख सकेंगे।

सीजन 2 में दर्शकों को चौंकाएगा मेरा किरदार : कपिल कनपुरिया

वहीं अभिनेता और कंटेंट क्रिएटर कपिल कनपुरिया ने अपने करियर और शो में निभाए गए किरदार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कंटेंट क्रिएटर बनने से पहले वह एक अभिनेता थे और वर्ष 2016-17 में उन्होंने दो सीरीज में काम भी किया था, लेकिन वे रिलीज नहीं हो सकीं। इसके बाद उन्होंने कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा।

कपिल ने कहा कि कोविड-19 लॉकडाउन उनके लिए एक बड़ा मोड़ साबित हुआ। उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह कंटेंट क्रिएशन पर ध्यान केंद्रित किया और दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और दर्शकों के समर्थन को दिया।

‘ठुकरा के मेरा प्यार’ सीजन-2 में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कपिल ने कहा कि पहले सीजन में उनके किरदार को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले सीजन में उनके किरदार के कुछ फैसलों की वजह से आज भी सोशल मीडिया पर लोग उनसे सवाल पूछते हैं।

हालांकि, उन्होंने दूसरे सीजन की कहानी का खुलासा करने से बचते हुए कहा कि इस बार उनका किरदार काफी दिलचस्प और परतदार होगा। दर्शकों को कभी उस पर गुस्सा आएगा तो कभी उसके प्रति सहानुभूति भी महसूस होगी। इतना जरूर कहेंगे कि मेरा किरदार दर्शकों को कई तरह के भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजारेगा।