Wednesday , June 3 2026

पीएमएस संघ चुनाव में बढ़ी सरगर्मियां, अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर कड़ा मुकाबला

22 जून को होगा मतदान, 26 जून को घोषित किए जाएंगे परिणाम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रादेशिक चिकित्सा सेवा (पीएमएस) संघ, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय कार्यकारिणी वर्ष 2026-27 के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। चुनाव आगामी 22 जून 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर संपन्न कराया जाएगा।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें डॉ. अजय प्रताप सिंह (लखनऊ), डॉ. करुणा शंकर मिश्रा (हमीरपुर), डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव (लखनऊ), डॉ. मसूद आलम (देवरिया), डॉ. राजीव कुमार त्रिपाठी (प्रतापगढ़), डॉ. राजेन्द्र कुमार सैनी (औरैया) तथा डॉ. यशवीर सिंह (बागपत) शामिल हैं।

उपाध्यक्ष (महिला) पद के लिए चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा, जबकि उपाध्यक्ष (मुख्यालय) पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। उपाध्यक्ष (सामान्य) के तीन पदों के लिए 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे इस पद पर सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

महामंत्री पद के लिए छह प्रत्याशी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। वहीं अपर महामंत्री पद पर पांच उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। वित्त सचिव और सम्पादक पदों के लिए भी पांच-पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य चुनाव समिति के सचिव डॉ. गयासुद्दीन खान ने बताया कि मतदान 22 जून 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा 26 जून 2026 को पीओएमएसएसओ भवन, महानगर, लखनऊ में की जाएगी।

चुनाव को लेकर प्रदेश भर के चिकित्सकों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि इस बार का चुनाव संघ की भावी कार्ययोजना और संगठनात्मक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।