लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पुलिसिंग में राजनीति का हस्तक्षेप कम होना चाहिए और पुलिसकर्मियों को उनकी योग्यता एवं कार्यक्षमता के आधार पर पहचान मिलनी चाहिए। यह कहना है यूपी एसटीएफ के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की वास्तविक जिंदगी पर आधारित वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश सीजन-2 में इंस्पेक्टर अविनाश का किरदार निभा रहे रणदीप हुड्डा का। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें वास्तविक जीवन में पुलिस अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा तो वह सिस्टम में पारदर्शिता लाने पर सबसे ज्यादा ध्यान देंगे।
इंतज़ार अब खत्म हुआ!! क्राइम थ्रिलर इंस्पेक्टर अविनाश सीज़न 2 का ट्रेलर आ गया है। रणदीप हुड्डा इसमें मुख्य किरदार में नज़र आएंगे। यह एक ज़बरदस्त थ्रिलर है, जिसमें दिग्गज हीरो अपनी अब तक की सबसे मुश्किल लड़ाई का सामना करने के लिए तैयार है।
पहले सीज़न को दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब दूसरा सीज़न पहले से कहीं बड़ा, ज़्यादा दमदार और रोमांचक होने वाला है। जियो स्टुडियोज़ द्वारा प्रोड्यूस और नीरज पाठक द्वारा डायरेक्ट की गई इस सीरीज़ में उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालिन भनोट और फ्रेडी दारूवाला जैसे दमदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में है।
वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए अभिनेता Randeep Hooda, Shalin Bhanot, Urvashi Rautela और निर्देशक Neeraj Pathak गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। इस दौरान कलाकारों ने वेब सीरीज से जुड़े अनुभव साझा किए और लखनऊ की तहजीब, खानपान तथा शूटिंग के दौरान के किस्सों पर भी खुलकर बातचीत की। कार्यक्रम में यूपी एसटीएफ के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा भी मौजूद रहे।
1990 के दशक के उत्तर प्रदेश के सैट में फिल्माया गया यह नया सीज़न कहानी को ज़बरदस्त रोमांचक बनाता है। जहां अविनाश मिश्रा अपने आप को ऐसे तूफ़ान में फंसा पाते हैं, जो निजी होने के साथ-साथ राजनैतिक भी है। अपने बेटे की हत्या के आरोप और अपनी शादी के टूटने की कगार पर होने के कारण, अविनाश ऐसी लड़ाई लड़ने के लिए मजबूतर हो जाते हैं, जो उनके पुलिस के दायित्वों से बाहर है।
ट्रेलर में अविनाश तथा अपराध, राजनीति एवं भ्रष्टाचार के बीच ज़बरदस्त टकराव दिखाया गया है। जैसे-जैसे क्राइम लॉर्ड शेख और देवी हथियारों का कार्टेल फैलाते हैं, दोस्त और दुश्मन के बीच की लकीरें धुंधली पड़ने लगती हैं। सिस्टम के भीतर से ही धोखा मिलने, सस्पेंड होने और गिरफ्तार होने के बाद, अविनाश एक बहुत बड़े खेल का मोहरा बन जाते हैं, एक ऐसा खेल जो उन्हें पूरी तरह से तबाह करने की धमकी देता है।
बड़े स्केल पर तैयार किया गया यह ट्रेलर ज़बरदस्त एक्शन, तीखी झड़पों और भावनाओं से भरे पल पेश करता है; यह एक ऐसी दुनिया रचता है जहाँ दांव पहले से कहीं ऊँचे हैं, दुश्मन कहीं अधिक जानलेवा और इंसाफ़ की कीमत पहले से बहुत भारी है।

रणदीप हुड्डा (जो फिर से इंस्पेक्टर अविनाश का किरदार निभा रहे हैं) कहते हैं, “इस सीज़न में अविनाश का असली रूप सामने आता है। अब वह सिर्फ़ जुर्म से ही नहीं लड़ रहा, बल्कि अपने परिवार, अपनी सच्चाई और अपने अस्तित्व के लिए भी लड़ रहा है। इसका दायरा बड़ा है, एक्शन एकदम असली है और भावनाएँ बहुत गहरी हैं। यह एक बहुत ही ज़बरदस्त और रोमांचक सफ़र होने वाला है।”
लखनऊ के अनुभव साझा करते हुए रणदीप हुड्डा ने कहा कि शूटिंग के दौरान उन्होंने शहर में काफी समय बिताया। यहां का खाना, तहजीब, संस्कृति और ऐतिहासिक इमारतें उन्हें बेहद पसंद आईं। उन्होंने कहा कि लखनऊ के लोगों का व्यवहार बेहद अच्छा है और यही वजह है कि शहर के लिए कहा जाता है, “मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं।”
यूपी पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट का किरदार निभाने के दौरान आई चुनौतियों पर रणदीप ने कहा कि यूपी का लहजा और अंदाज अपनाने में उन्हें थोड़ा समय लगा। उन्होंने बताया कि वह हरियाणा से हैं, इसलिए यहां की भाषा और बोलचाल को समझना उनके लिए नया अनुभव था। हालांकि, उन्होंने इसे बेहद शानदार अनुभव बताया और कहा कि इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा के साथ समय बिताकर उन्हें कई नई बातें सीखने का मौका मिला।

इंस्पेक्टर अविनाश के सीज़न 2 में अपना किरदार निभाने वाली उर्वशी रौतेला ने कहा, इंस्पेक्टर अविनाश सीज़न 2 पहले से कहीं बड़ा, ज़्यादा बोल्ड और ज़बरदस्त है। एक्शन, इमोशन और अचानक आने वाले ट्विस्ट से भरी इस कहानी के साथ जुड़ना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा है। हर सीन इसकी इंटेसिटी को एक नए ही स्तर पर ले जाता है। इतने बड़े स्केल के शो के लिए जियोहॉटस्टार के साथ जुड़ना बहुत बेहतरीन अनुभव था। मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं कि दर्शक इस रोमांच और ड्रामा को महसूस करें।
दूसरे सीज़न पर उत्साह व्यक्त करते हुए, डायरेक्टर नीरज पाठक ने कहा, “सीज़न 2 में पहले सीज़न की उन सभी चीज़ों को शामिल किया गया है जो दर्शकों को पसंद आई थीं, और इन्हें और अधिक रोमांचक बनाया गया है। अविनाश को अब न सिर्फ़ अपराधियों से बल्किऐसे सिस्टम से भी लड़ना पड़ रहा है जो उसके आस-पास ही मौजूद है। हमने एक्शन का लैवल तो बढ़ाया ही है, साथ ही भावनात्मक टकराव को और भी गहरा किया है, क्योंकि इस बार यह लड़ाई जितनी बाहरी है, उतनी ही निजी भी है।”
जियो स्टुडियोज़ द्वारा प्रस्तुत, इस सीरीज़ को ज्योति देशपांडे, नीरज पाठक, गोल्ड माउंटेन पिक्चर्स और कृष्ण चौधरी ने प्रोड्यूस किया है। यह बेहद रोमांचक क्राइम ड्रामा नीरज पाठक द्वारा निर्देशित है और इसकी कहानी नीरज पाठक, संजय मासूम और समीर अरोड़ा ने लिखी है, जो कहानी को आगे बढ़ाने के लिए एक दमदार मंच तैयार करती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal