Wednesday , April 15 2026

सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर : धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सम्राट चौधरी को बिहार में एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनका नेतृत्व राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

ओडिशा के संबलपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए के नए नेता का चयन सर्वसम्मति से हुआ है, जो सम्राट चौधरी के प्रति गठबंधन के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य की राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

केंद्रीय मंत्री ने भरोसा जताया कि सम्राट चौधरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए बिहार के समग्र विकास को गति देंगे। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ वे राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और विकास कार्यों को नई दिशा देंगे।

धर्मेन्द्र प्रधान ने सम्राट चौधरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे बिहार के उत्थान के लिए प्रभावी नेतृत्व प्रदान करेंगे। उल्लेखनीय है कि सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है और वे बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।