कानपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर ने अपने ऑफिस ऑफ आउटरीच एक्टिविटीज के माध्यम से ऑनलाइन पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों के दूसरे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। पहले चरण की सफलता के बाद, दूसरे चरण में आईआईटी कानपुर विस्तृत तथा विविध कार्यक्रमों को ला रहा है। ये कार्यक्रम विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों और नए स्नातकों के लिए तैयार किए गए हैं, जो फ्लेक्सिबल तरीके से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं।
यह दूसरा चरण कई नई और आकर्षक कार्यक्रम लेकर आया है, जिससे यह भारत के किसी भी आईआईटी द्वारा प्रस्तुत सबसे व्यापक ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में से एक बन गया है। इस प्रवेश चक्र में लगभग नौ सीनेट-स्वीकृत कार्यक्रम पेश किए जाएंगे, जो उभरती तकनीकों, सस्टेनेबिलिटी और उद्योग की बदलती जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों पर केंद्रित हैं।

एम.टेक (ऑनलाइन) कार्यक्रमों में वायरलेस नेटवर्क्स एंड मशीन लर्निंग, आर.एफ. इंजीनियरिंग, माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स एंड वी.एल.एस.आई., कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग तथा स्मार्ट ग्रिड शामिल हैं।इसके अलावा, आईआईटी कानपुर एम.एससी (ऑनलाइन) कार्यक्रम इकॉनॉमिक्स एंड डेटा एनालिटिक्स में तथा पीजी डिप्लोमा (ऑनलाइन)कार्यक्रम साइबर सिक्योरिटी में भी प्रदान करेगा।
एम.टेक और एमएससी कार्यक्रमों को दो से चार वर्षों में पूरा करने के लिए तैयार किया गया है, जबकि पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम एक से दो वर्षों में पूरा किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई को अपने पेशेवर और व्यक्तिगत दायित्वों के अनुसार पूरा करने की सुविधा मिलती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal