बक्सर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बक्सर के नवानगर में SLMG बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड की नई अत्याधुनिक पेय पदार्थ निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। कोका-कोला सिस्टम की प्रमुख बॉटलिंग पार्टनर द्वारा स्थापित यह संयंत्र दक्षिण एशिया के सबसे बड़े और तकनीकी रूप से उन्नत बॉटलिंग प्लांट्स में शामिल है तथा बिहार के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।इस दौरान पूर्व उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद सुधाकर सिंह, विधायक राहुल सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (आईएएस), निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता (आईएएस), जिलाधिकारी साहिला (आईएएस) तथा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य (आईपीएस) सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में पहले आधारभूत संरचना तैयार की गई और अब सुशासन के वातावरण में उद्योग, व्यापार और व्यवसाय को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित है, राज्य तेजी से बदल रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस संकल्प को मजबूती मिल रही है कि आने वाले वर्षों में युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन व्यस्तता के कारण नहीं आ सके। श्री चौधरी ने लधानी परिवार से आग्रह किया कि वे बिहार में केवल एक इकाई तक सीमित न रहें, बल्कि उद्योगों की श्रृंखला स्थापित करें, क्योंकि बिहार की समृद्धि देश की समृद्धि से जुड़ी है।
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाकर तैयार है और राज्य में उद्योगों का व्यापक विस्तार होगा। उन्होंने इस संयंत्र को औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
राकेश लधानी (निदेशक, एसएलएमजी) ने कहा, बिहार सरकार से हमें हर स्तर पर सकारात्मक सहयोग प्राप्त हो रहा है। राज्य की मजबूत आधारभूत संरचना और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है, जिससे यहां उद्योग स्थापित करना पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हुआ है। भविष्य में हम बिहार के अन्य हिस्सों में भी बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहे हैं और राज्य के औद्योगिक विकास में दीर्घकालिक भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नवानगर में रणनीतिक रूप से स्थापित यह संयंत्र बिहार में एसएलएमजी बेवरेजेज की पहली कोका-कोला बॉटलिंग यूनिट है। यह प्लांट बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए प्रमुख आपूर्ति केंद्र के रूप में कार्य करेगा। जिससे परिवहन लागत और कार्बन फुटप्रिंट में कमी आएगी तथा उत्पादों की ताजगी और उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
करीब 2,67,117 वर्गमीटर (लगभग 65 एकड़) क्षेत्र में फैले इस प्लांट में सात हाई-स्पीड उत्पादन लाइनें स्थापित हैं, जिनकी उत्पादन क्षमता लगभग 2,37,542 केस प्रति दिन है। यहां कार्बोनेटेड सोडा, जूस, पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर और एसेप्टिक पेय पदार्थों का निर्माण किया जाएगा। उन्नत मशीनरी जैसे KHS ट्रिब्लॉक, KRONES PDW और इनलाइन ब्लेंडिंग तकनीक के साथ पूर्णतः स्वचालित प्रणालियां आधुनिक और दक्ष उत्पादन क्षमता को दर्शाती हैं। एआई आधारित गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा निगरानी प्रणाली इसे क्षेत्र के लिए एक “स्मार्ट फैक्ट्री” मॉडल बनाती है। निर्माण के दौरान “शून्य-दुर्घटना” चरणों की सफलतापूर्वक पूर्णता भी इसकी प्रमुख उपलब्धि रही।
यह परियोजना सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्लांट से 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार (लगभग 400 स्थायी और 600 से अधिक संविदा) तथा स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला में हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं के लिए सेफ्टी बूटकैंप और तकनीकी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए हैं, ताकि वे वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य कर सकें। साथ ही, नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क संपर्क और विद्युत स्थिरता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इसके अलावा यहाँ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कुल क्षेत्र का लगभग 40 प्रतिशत भाग हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। फ्लो-मीटर आधारित जल प्रबंधन, ईटीपी के बाद तृतीयक उपचार एवं अपशिष्ट जल का पुनः उपयोग, 100 प्रतिशत एलईडी प्रकाश व्यवस्था, 11 केवी विद्युत वितरण प्रणाली तथा बॉयलर में चावल की भूसी को जैव ईंधन के रूप में उपयोग जैसे कदम इस संयंत्र की स्थिरता प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
वस्तुतः यह संयंत्र न केवल औद्योगिक उत्पादन को नई ऊंचाई देगा, बल्कि बक्सर और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी सशक्त आधार प्रदान करेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal