कॉमेडी अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। भारी कर्ज और लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। लगभग 9 करोड़ रुपये के वित्तीय संकट के चलते उन्हें हाल ही में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करना पड़ा। उनकी मौजूदा हालत को देखते हुए फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं, जिससे यह साबित होता है कि मुश्किल वक्त में भी बॉलीवुड अपने कलाकारों के साथ खड़ा रहना जानता है।सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने खुलकर समर्थन जताया। उनके बाद गुरमीत चौधरी और संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह ने भी सहायता का हाथ बढ़ाया। उनकी सार्वजनिक अपील के बाद अन्य कलाकारों ने भी एकजुटता दिखाई। रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन समेत कई बड़े सितारे राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं।राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया, “अभिनेता की मदद के लिए बहुत से लोग आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे अभिनेताओं ने अपना समर्थन दिया है। मेरी हाल ही में डेविड धवन से भी बात हुई, उन्होंने भी सहयोग का भरोसा दिलाया है।”गोल्डी ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री राजपाल के साथ मजबूती से खड़ी है, लेकिन आर्थिक और कानूनी प्रक्रियाओं में समय लगता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजपाल यादव की जमानत याचिका दाखिल की जा चुकी है और 12 फरवरी को अगली सुनवाई तय है। परिवार और करीबी दोस्तों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही राहत मिल सकती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal