Monday , February 2 2026

बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर-2’ का जलवा, 300 करोड़ क्लब में शामिल

भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार दम दिखा रही है। 23 जनवरी को रिलीज हुई इस मल्टीस्टारर की रफ्तार 10 दिन बाद भी थमने का नाम नहीं ले रही। वीकेंड पर फिल्म ने कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया है और कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।पहले हफ्ते में मजबूत पकड़ बनाने के बाद फिल्म ने दूसरे वीकेंड पर फिर से जोरदार वापसी की। रिपोर्ट्स के अनुसार, 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को फिल्म ने 24.22 करोड़ की कमाई की, जबकि शनिवार (9वां दिन) का कलेक्शन 20.17 करोड़ रहा। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 301.89 करोड़ तक पहुंच गया है।सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी ‘बॉर्डर 2’ को दमदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती वीकडे में हल्की गिरावट के बाद फिल्म ने वीकेंड पर दोबारा जोर पकड़ा। वैश्विक स्तर पर फिल्म ने 10 दिनों में करीब 377 करोड़ की कमाई कर ली है।इस कमाई के साथ ‘बॉर्डर 2’ ने कई चर्चित फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें ‘आदिपुरुष’ (लगभग 355 करोड़), ‘फाइटर’ (लगभग 354 करोड़), और ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ (लगभग 343 करोड़) शामिल हैं।इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक सफल सीक्वल नहीं, बल्कि मौजूदा दौर की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट फिल्मों में अपनी जगह बना चुकी है। अगर यही रफ्तार जारी रही तो आने वाले दिनों में फिल्म कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।