लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आंचलिक विज्ञान नगरी में विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर “प्राचीन आकाश से आधुनिक क्षितिज तक” शीर्षक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि आसिफ़ सिद्दीकी (महाप्रबंधक, इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क) ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक क्षणों को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वरूप मंडल (परियोजना समन्वयक, आंचलिक विज्ञान नगरी) के स्वागत भाषण से हुई। विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों से छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भी उल्लेख किया गया, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देकर लखनऊ का नाम रोशन किया है।

अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। आंचलिक विज्ञान नगरी लगातार विद्यार्थियों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित कर रही है तथा भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों आर्यभट्ट से लेकर चंद्रयान और गगनयान तक का उत्सव मना।

कार्यक्रम का समापन आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ के शिक्षा अधिकारी राम कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी गणमान्य व्यक्तियों, सहभागी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदर्शनियों और आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई और स्कूलों और परिवारों को आंचलिक विज्ञान नगरी में आने का निमंत्रण दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal