Friday , September 20 2024

चांद पर भारत के पहले कदम का गवाह बना AKTU

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर लैंडिंग के ऐतिहासिक क्षण का गवाह डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय भी बना। विश्वविद्यालय के सेंटर फाॅर एडवांस स्टडीज के एसएसबी हाॅल में बड़े से स्क्रीन पर अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों ने चांद पर भारत के पहले कदम को उतरते देखा। 

कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के निर्देश पर चंद्रयान-3 के लैंडिंग के पल को लाइव दिखाने का निर्देश दिया था। कैश के निदेशक प्रोफेसर वीरेंद्र पाठक और डाॅ. अनुज कुमार शर्मा के नेतृत्व में शाम पांच बजकर 20 मिनट पर लाइव लैंडिंग प्रक्रिया शुरू होते ही हाॅल में बैठे सभी लोग स्क्रीन पर टकटकी लगाये रहे। बीच-बीच में छात्रों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाये। वहीं शाम छह बजकर चार मिनट पर जैसे ही चंद्रयान-3 चांद पर उतरा पूरा हाॅल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। देश के वैज्ञानिकों के इस उपलब्धि पर सभी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।