Friday , November 6 2026

आनन्द नगर स्टेशन पर 49 पेंशनभोगियों को मिली डिजिटल सुविधा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को सहज, सुलभ एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड एवं पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के निर्देशानुसार लखनऊ मण्डल में विभिन्न स्थानों पर ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर’ आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के दिशानिर्देशन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत आनन्द नगर स्टेशन के उच्च श्रेणी यात्री प्रतीक्षालय में विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिसमें कुल 49 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।

इस शिविर के माध्यम से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी तथा उनके समय, श्रम एवं धन की बचत हुई। विशेष रूप से वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पेंशनभोगियों के लिए यह पहल काफी सुविधाजनक रही, जिन्हें दूर-दराज के कार्यालयों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की उपयोगिता एवं इसे बनवाने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, जिससे वे भविष्य में भी इस डिजिटल सुविधा का स्वयं लाभ उठा सकें।

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा से पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक जीवन प्रमाण संबंधी औपचारिकताएं सरल एवं सुविधाजनक तरीके से पूरी करने में सहायता मिलती है।

लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता के साथ बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।