लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पर्यावरण संरक्षण, ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन तथा सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेंद्र सिंह के नेतृत्व में 01 से 07 नवम्बर 2026 तक ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आज विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ई-वेस्ट के पुनः उपयोग एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ऐशबाग जंक्शन पर यात्रियों, रेलकर्मियों, सफाई मित्रों एवं खानपान विक्रेताओं को ई-वेस्ट के पुनः उपयोग, उचित संग्रहण एवं सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। सभी को अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं उनके पुर्जों को बेकार न समझकर, उनकी मरम्मत एवं पुनः उपयोग को प्राथमिकता देने तथा ई-वेस्ट को निर्धारित संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में व्यक्तिगत सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित यात्रियों एवं कर्मचारियों को 3R अर्थात रिड्यूस (उपयोग में कमी), रीयूज (पुनः उपयोग) एवं रीसायकल (पुनर्चक्रण) की अवधारणा से अवगत कराया गया। सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित कर ई-वेस्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

ऐशबाग, लखनऊ जं, मैलानी, बस्ती, बादशाह नगर, सीतापुर, खलीलाबाद, गोण्डा एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशनों पर संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से यात्रियों को ई-वेस्ट के पुनः उपयोग, उसके वैज्ञानिक निस्तारण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। स्टेशनों पर बैनर, पोस्टर एवं यात्री उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पम्पलेट वितरित कर ई-वेस्ट के जिम्मेदार प्रबंधन तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर संविदा सफाई कर्मचारियों को ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई गई। खानपान विक्रेताओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर संविदा श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत लघु नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों, उसके उचित निस्तारण तथा प्लास्टिक प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य रेल परिसर को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ-साथ यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आमजन में ई-वेस्ट के पुनः उपयोग, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जिम्मेदार उपभोग की संस्कृति विकसित करना है। मंडल रेल प्रशासन ने सभी रेल उपयोगकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal