Friday , November 6 2026

‘तरंग फिएस्टा 2K26’ में दिखा उत्साह और उमंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जमाया रंग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आर.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, बख्शी का तालाब में आयोजित ‘तरंग फिएस्टा 2K26’ के अंतर्गत डांडिया नाइट एवं म्यूजिकल शो का भव्य आयोजन किया गया। यह शाम संगीत, नृत्य, मनोरंजन और उत्साह के नाम रही, जिसमें विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रंगारंग डांडिया एवं गरबा नृत्य रहा। पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने संगीत की मधुर धुनों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं और पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर आयोजित विशेष म्यूजिकल शो ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। संगीत की शानदार प्रस्तुतियों और मनमोहक धुनों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया तथा पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड एवं अन्य स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने इन स्टॉलों के माध्यम से अपनी उद्यमशीलता, रचनात्मकता और प्रबंधन क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न मनोरंजक खेलों ने भी उत्सव को और अधिक रोचक बनाया।

‘तरंग फिएस्टा 2K26’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक मंच प्रदान करना तथा उनमें टीम भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को मनोरंजन, संगीत, संस्कृति और आपसी सौहार्द से जुड़ा एक यादगार अनुभव प्रदान किया।

संस्थान के चेयरमैन अनिल कुमार अग्रवाल एवं सचिव चित्रांशु अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों एवं आयोजन समिति को बधाई दी।