Thursday , October 29 2026

पिता-बेटी के रिश्ते को समर्पित अनूठी पहल, लखनऊ में पहली बार होगा ‘बेटी व्रत’

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बेटियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए अब पिता भी व्रत रखेंगे। बेटियों के प्रति प्रेम, समर्पण और सम्मान की भावना को नई पहचान देने के उद्देश्य से लखनऊ में पहली बार ‘बेटी व्रत’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के तहत पिता अपनी पुत्रियों के मंगल, कल्याण और सर्वांगीण उत्थान की कामना के साथ सूर्योदय से सूर्यास्त तक एक दिवसीय उपवास रखेंगे। 

बेटियां उत्थान फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम बेटी और पिता के भावनात्मक रिश्ते को समर्पित होगा। साथ ही, समाज में बेटियों के प्रति स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश देगा।

गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बेटियां उत्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष ए.के. राजीव ने बताया कि ‘बेटी व्रत’ का आयोजन 31 अक्टूबर को शाम चार बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मर्करी हॉल में किया जाएगा। निर्धारित विधान के अनुसार, पिता षष्ठी तिथि पर अपनी बेटियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उपवास रखेंगे। व्रत का समापन सूर्यास्त के समय किया जाएगा। कार्यक्रम में व्रत समापन की प्रक्रिया शाम 5:00 से 5:15 बजे के बीच संपन्न होगी।

बेटियों के सम्मान और बेहतर भविष्य का संदेश

उन्होंने कहा कि ‘बेटी व्रत’ की परिकल्पना बेटियों के महत्व को रेखांकित करने और उनके प्रति परिवार एवं समाज की जिम्मेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। यह पहल पिता और बेटी के बीच के आत्मीय संबंध को सम्मान देने के साथ बेटियों के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास है। इसके माध्यम से संदेश दिया जाएगा कि बेटियों का सुख, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य परिवार की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।

पत्रकार वार्ता में शिखा वर्मा, शशि धर डूबे, संजय त्रिवेदी (नगर महामंत्री, उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल) भी उपस्थित रहे। फाउंडेशन का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए बेटियों के प्रति स्नेह और संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है। पहली बार आयोजित हो रहा ‘बेटी व्रत’ बेटियों के मंगल और कल्याण की कामना को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने की एक विशेष पहल है।